नेशनल हाईवे पर ट्रक में नैनो यूरिया लिक्विड डालते समय ढाबा संचालक चाचा-भतीजे को बस ने टक्कर मार दी। इस दौरान भतीजा बस के अगले पहिये में फंसकर 30 मीटर तक घिसटता चला गया। दोनों घायलों को गंभीर अवस्था में सीएचसी कुंडा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हथिगवां थाना क्षेत्र के समसपुर बेलहा निवासी भाईलाल सरोज (55) घर से पांच सौ मीटर दूर दिल्ली-कोलकाता नेशनल हाईवे मार्ग दो पर सतगुरु नाम से ढाबा चलाते थे। भतीजे पुनीत (35) के साथ मिलकर वह वाहनों में नैनो यूरिया लिक्विड भरने का भी काम करते थे। शुक्रवार की रात करीब 11 बजे दोनों ढाबे पर आए एक ट्रक में नैनो यूरिया डाल रहे थे।
इसी बीच प्रयागराज से दिल्ली जा रही सवारियों से भरी निजी बस ने दोनों को टक्कर मार दी। बस के अगले हिस्से के बाएं पहिये में फंसकर पुनीत 30 मीटर तक घिसटता चला गया। शोर मचाने पर चालक ने बस रोकी।
आसपास के लोगों को एकत्रित होता देख चालक बस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेते हुए उसमें सवार 40-50 यात्रियों को दूसरे वाहन से रवाना किया।