तीन माह से फरार हत्यारोपी नवीन वर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पैसे के लेनदेन के विवाद में उसने अपने साथी सुभाष का सिर पत्थर पर पटक कर मार डाला था।
अंतू थाना क्षेत्र के चौखड़ पूरे अंती निवासी सुभाष पांडेय (32) का शव संडवाचंद्रिका स्थित जंगल में मिला था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
अंतू पुलिस के मुताबिक, मृतक सुभाष की हत्या उसके साथी नवीन वर्मा ने की थी। दोनों स्मैक का नशा करते थे। 16 अगस्त को सुबह सुभाष बाइक से नवीन को लेकर स्मैक खरीदने नरी गांव गया। वहां से दोनों संडवा चंद्रिका स्थित जंगल गए। नशा करने के बाद सुभाष ने बाइक से नवीन को गौराडांड गांव छोड़ा। शाम को सुभाष फिर नवीन के साथ स्मैक खरीदने नरी गांव पहुंचा। दोनों ने जंगल में जाकर नशा किया।
पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद होने लगा। गुस्से में नवीन ने सुभाष का सिर पत्थर पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद सुभाष की पल्सर बाइक छिपा दी थी।
अंतू एसओ जितेंद्र सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ शुक्रवार देर रात हत्यारोपी नवीन को शुकुलपुर गांव से गिरफ्तार किया। कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
नशा कारोबारी तक नहीं पहुंच सकी पुलिस
पुलिस ने हत्या का खुलासा तो कर दिया लेकिन नरी गांव में नशा का कारोबार कर रहे लोगों तक नहीं पहुंच सकी। अंतू क्षेत्र के ही संडवा गांव के दो युवक चार माह पहले नशे की जाल में फंसकर अपनी जान गंवा चुके हैं। नाराज ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन भी किया। पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने नशा कारोबारियों को पकड़ने का आदेश अंतू पुलिस को दिया था। एसओ जितेंद्र सिंह का कहना है कि नरी गांव निवासी नशा कारोबारी आदित्य सिंह को जेल भेजा जा चुका है।