प्रतापगढ़। अंतू थाना क्षेत्र के पूरे बंशी में युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस तीसरे दिन भी हवा में तीर चलाती रही। दो संदिग्धों को पूछताछ के लिए पुलिस ने उठाया है। काल डिटेल के जरिए बिहारगंज के कुछ लोग पुलिस के राडार पर हैं। फिलहाल हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में अभी तक पुलिस नाकाम है। खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच की सार्विलांस टीम भी लगाई गई है।
बतादें कि पूरे बंशी निवासी आशीष मिश्रा की गोली मारकर हत्या करने के बाद शव को जंगल में फेक दिया गया था। सोमवार को उसका शव गांव के जंगल में मिला। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने शव अंतू व चिलबिला मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों की मौजूदगी में सदर विधायक संगमलाल गुप्ता ने सभी को भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद होगी। जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस सूत्रों की मानें तो काल डिटेल निकलने के बाद पुलिस ने बिहारगंज के कुछ लोगों से पूछताछ किया। कुछ लोग पुलिस के राडार पर हैं। दो संदिग्धों को पुलिस ने शहर से उठाया है। जिनसे पुलिस टीम पूछताछ कर रही है।
अभी तक पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है। कई नंबर ऐसे मिले हैं जिनसे आशीष लंबी बातें किया करते था। पुलिस उन नंबरों को ट्रेस कर रही है। कई नंबर तो बंद मिले। जिससे पुलिस उन नंबरों की डिटेल निकालने में लग गई है ताकि उससे वह नंबर प्रयोग करने वालों तक पुलिस पहुंच सके। इलाके में एक बात की चर्चा जोर शोर से है कि आशीष की हत्या बाहर से जंगल में आने लोगों ने ही किया है लेकिन इस घटना में उसका करीबी भी शामिल रहा है। जिसने आशीष को फोन कर बुलाया था। पुलिस उसकी पहचान कर चुकी है लेकिन वह अभी पुलिस के हाथ नहीं लगा है।