अजगरा। बद्री नारायण सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय सकरौली मादूपुर में बुधवार को राज्य स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का उदघाटन मैच बालक वर्ग में एसएसबी लखनऊ व बांदा के बीच खेला गया। जिसमें लखनऊ की टीम विजेता रही। बालिका वर्ग में प्रतापगढ़ बनाम गोरखपुर के बीच खेला गया। जिसमें गोरखपुर विजेता रही।
महाविद्यालय में आयोजित खेल प्रतियोगिता में कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि खेल निदेशक आरपी सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्ज्वलित व माल्यार्पण कर किया। उन्होंने कहा कि खेल जीवन के सर्वांगीण विकास में सहायक है। खेल से स्वास्थ्य अच्छा रहता है। साथ ही स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण होता है। यही नहीं ओलपिंक स्तर के खिलाडिय़ों को यूपी सरकार स्वर्ण पदक के लिए 6 करोड़, रजत पर 4 करोड़ व कांस्य पर 2 करोड़ रूपये और द्वितीय श्रेणी के अधिकारी पद के लिए उन्हें नियुक्ति भी देती है। राज्य सरकार ने 49 विभागों में खिलाडिय़ों की तैनाती करता है। ओलंपिक में मान्यता प्राप्त 30 खेलों के खिलाड़ियों का यह सुविधा दी जाती है। विशिष्ट अतिथि एसएसपी आजमगढ़ अजय कुमार साहनी, डीएम आजमगढ़ चंद्रभूषण सिंह, कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के प्रोफेसर आरपी सिंह, एसपी एंटी करप्शन लखनऊ बालेंदु भूषण सिंह, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. तीर्थराज पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश त्रिपाठी ने भी खेल के संबंध में अपने विचार रखे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डीएम शंभू कुमार ने खिलाडियों को शुभकामनाएं दी। पहले दिन वालीबाल प्रतियोगिता में 8 टीमों के बीच मैच संपन्न हुआ। जबकि गुरुवार को शेष 8 टीमों के बीच मैच खेला जाएगा। साथ ही फाइनल मैच भी गुरुवार को ही संपन्न होगा। महाविद्यालय प्रबंधक अंजना सिंह ने अतिथियों को स्मृति चिंह एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। साथ ही उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम के शुभारंभ में कालेज के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति कर अतिथियों का स्वागत किया। जिसमें नृत्य, मार्चपास्ट व गीत के कार्यक्रम प्रमुख रहे। साथ ही योगा का भी छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुति की। कार्यक्रम का संचालन धनंजय सिंह ने किया। इस मौके पर मनराजी देवी, संजय सिंह, अभिमन्यु सिंह, रविप्रकाश सिंह, रवि मिश्रा, संजीव सिंह, अनिल सिंह, प्रदीप सिंह, ग्राम प्रधान संजय सिंह, निर्भय सिंह, मत्स्येंद्र मिश्रा, विशाल सिंह, विनोद सिंह, राजाराम पांडेय, संगीता लंबोरा मौजूद रहीं।