पुलिस भर्ती परीक्षा में पकड़ा गया बिहार का मुन्ना भाई
- केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। पुलिस भर्ती परीक्षा में सेंधमारी करने के लिए पहुंचे बिहार के मुन्ना भाई को कर्मचारियों ने बायोमीट्रिक जांच में पकड़ लिया। पुलिस की पूछताछ में उसने दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने की बात स्वीकार की। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए रामराज इंटर कॉलेज पट्टी को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। प्रथम पाली में सुबह दस बजे परीक्षा देने के लिए बिहार के छपरा जिले का रहने वाला रमेश कुमार पहुंचा। बायोमीट्रिक जांच के दौरान फेस रीडिंग में उसके चेहरे का मिलान नहीं हो सका। युवक संदिग्ध लगने पर कर्मचारियों ने केंद्र व्यवस्थापक को सूचना दी। केंद्र व्यवस्थापक ने सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह मानधाता निवासी अरविंद कुमार के स्थान पर परीक्षा देने आया था। केंद्र व्यवस्थापक रमेशचंद्र की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक हुई। 13034 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जिसमें 478 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली की परीक्षा शाम तीन से पांच बजे तक हुई। जिसमें 13009 अभ्यर्थी उपस्थित और 503 अनुपस्थित रहे। 18 फरवरी को भी 27 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी। पट्टी कोतवाल अर्जुन सिंह ने बताया कि पकड़े गए छात्र ने पूछताछ में पहले अपना नाम रमेश बताया था और बाद में अनिल बताने लगा। उसका आधारकार्ड मंगवाया गया है। जांच चल रही है।