कुंडा के सीएचसी में मरीजों को फल वितरित करते सांसद विनोद सोनकर।
- फोटो : PRATAPGARH
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस सेवा सप्ताह के क्रम में बुधवार को कुंडा सीएचसी में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसके साथ ही सांसद कौशाम्बी ने विद्यालय में आयोजित छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। इस दौरान लोगों को स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त भारत व जल संरक्षण पर लोगों को शपथ दिलाई गई।
अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय सह चुनाव अधिकारी सांसद भाजपा विनोद सोनकर ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडा में मरीजों को फल वितरित किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से कुशल छेम पूछा। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार व प्रदेश की योगी सरकार का संकल्प है कि सरकार की योजना समाज के अन्तिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए सरकार कटिबद्ध है।
इसके बाद सरयू प्रसाद इंटर कालेज में छात्र छात्राओं एवं मौजूद लोगों से कहा कि समाज के जागरूक लोगों की नैतिक जिम्मेदारी है कि जन जागरूकता लाकर स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त भारत व जल संरक्षण पर विशेष ध्यान दें। इसके साथ ही उन्होंने इसके लिए सभी को शपथ दिलाई। इसके बाद लोकनिर्माण विभाग के डाक बंगला में जन समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उन्हें निस्तारित करने का दिशा निर्देश दिया। कुंडा नगर में जल भराव देखकर तत्काल नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी को बुलाकर जल निकासी की समस्या पूछी।
इस पर ईओ ने बताया कि कस्बे के बाहर नाली का पानी नहीं बह पा रहा है। इसे सांसद ने तत्काल खुलवाने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन जमीन उपलब्ध कराएं तो उस पर आधुनिक माडल शादी घर बनवाया जायेगा। इस दौरान प्रमुख रूप से शिव प्रकाश मिश्र सेनानी, क्षेत्रीय मंत्री पवन गौतम, मीडिया प्रभारी भूपेंद्र पांडेय, उपजिलाधिकारी मोहन लाल गुप्ता, डा. दिनेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष कमलेश सोनकर, अभय प्रताप सिंह पप्पन, उदय शंकर पांडेय, प्रधानाचार्य राधेश्याम द्विवेदी आदि मौजूद रहे।