मोदी सरकार के आठ साल में बदली बेल्हा की तस्वीर : सांसद
प्रतापगढ़। मोदी सरकार के आठ वर्ष पूर्ण होने पर बृहस्पतिवार को शहर के टेऊंगा स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित रिपोर्ट टू नेशन कार्यकम में भाजपाइयों ने उपलब्धियां गिनाईं। इस मौके पर सांसद संगमलाल गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार के आठ साल के कार्यकाल में जिले की तस्वीर बदली है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में देश का आम नागरिक महसूस कर रहा है कि सुशासन की शुरुआत हो चुकी है। वंशवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद की जंजीरों में जकड़े देश को बाहर निकालकर सामान्य परिवार के लोग भी सरकार में भागीदारी निभा रहे हैं। भ्रष्टाचार मुक्त सुशासन की स्थापना मोदी सरकार में हुई है। सांसद ने कहा कि योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के सबको मिल रहा है। बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य सुविधाओं में अमूलचूल परिवर्तन देखने को मिला है। जिले में आठ वर्ष के कार्यकाल में बाईपास के रूप में 309 करोड़ रुपये की परियोजना का शुभारंभ कराकर लोगों को बड़ी राहत दी गई है।
रेलवे की परियोजनाओं में भी क्रांतिकारी परिवर्तन लगातार जारी है। प्लेटफार्म, विस्तार, रेललाइन विद्युतीकरण, मां बाराही देवी धाम रेलवे स्टेशन, तहसील रानीगंज का विस्तारीकरण, अंतू रेलवे स्टेशन का विस्तारीकरण सहित भंगवाचुंगी पर नए रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की स्वीकृति बड़ी उपलब्धि है। भाजपा संगठन प्रभारी नागेंद्र रघुवंशी ने कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में योगी सरकार बहुमत के साथ दोबारा सत्ता में आई है । इस अवसर पर जिला अध्यक्ष हरिओम मिश्रा, विधायक राजेंद्र मौर्या, मीडिया प्रभारी राघवेंद्र शुक्ला, अभिषेक वैश्य आदि मौजूद रहे।