घरेलू कलह के कारण छह वर्षीय मासूम बेटी को जहरीला पदार्थ खिलाने के बाद मां ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर आनन फानन में दोनों को ट्राॅमा सेंटर लाया गया। हालत नाजुक देख मासूम बेटी को एसआरएन रेफर कर दिया गया।
लालगंज कोतवाली के पूरे चोप सिंह, रामपुर बावली निवासी अमित कुमार सिंह आम बेचते हैं। सोमवार को इसी सिलसिले में वह वाराणसी गए थे। ग्रामीणों के अनुसार घरेलू कलह के चलते अमित की 26 वर्षीय पत्नी कल्पना ने अपनी छह वर्षीय बेटी अंजलि को जहरीला पदार्थ खिला दिया। इसके बाद खुद भी जहरीला पदार्थ निगल लिया।
दोनों की हालत गंभीर देख परिवार के लोग तत्काल लालगंज ट्राॅमा सेंटर ले गए। इधर मां की हालत में सुधार होने पर ट्राॅमा सेंटर से घर भेज दिया गया। घटना की जानकारी से लालगंज पुलिस इन्कार कर रही है।