एक लाख रुपये रंगदारी न देने की सजा मिलेगी। कितने दिन दुकान पर नहीं मिलेगा। हिस्ट्रीशीटर की इस धमकी से व्यापारी का पूरा परिवार सहमा हुआ है। यहां तक कि दुकान के बाद फैक्ट्री पर भी दबंगों के साथ हिस्ट्रीशीटर ने पहुंचकर काम करने वाले लोगों को धमकाया। व्यापारी के बेटे ने पुलिस को तहरीर दी है।
नगर कोतवाली के चिलबिला निवासी रामजी ऊमरवैश्य की किराने की दुकान है। आरोप है कि बुधवार की शाम उसकी दुकान पर रंजीतपुर चिलबिला का रहने वाला हिस्ट्रीशीटर दर्जन भर लोगों के साथ सफारी से पहुंचा। दुकान पर रामजी के न मिलने पर भाई उत्तम उमरवैश्य और बेटे प्रिंस ऊमरवैश्य को धमकाया।
रामजी के मुताबिक हिस्ट्रीशीटर ने बेटे व भाई से पूछताछ करने के बाद कहा कि हर माह एक लाख रुपये नहीं मिल रहा है। जबकि संदेश पहले ही दिया जा चुका है। यदि रुपये नहीं देना है तो अंजाम भुगतने को तैयार रहो। इसके बाद वह रामजी की फैक्ट्री पर भी पहुंचा। जहां काम कर रहे कर्मचारियों को धमकाया।
घटना की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। तब तक आरोपी वहां से जा चुके थे। हिस्ट्रीशीटर की धमकी से व्यापारी का पूरा परिवार भयभीत है। इस मामले में प्रिंस ऊमरवैश्य ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया है। जिसमे हिस्ट्रीशीटर अपने साथियों के साथ दुकान पर आता व जाता दिख रहा है। नगर कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है।