शहर के करनपुर में शुक्रवार की रात संदिग्ध दशा में तीन दुकानों में आग लग गई। इससे लाखों रुपये का सामान राख हो गया। लोगों को शुक्रवार की सुबह घटना की जानकारी हो सकी।
करनपुर में रमेश कुमार पुत्र बुधिराम ने सत्यम फार्मा के नाम से दवा की दुकान खोल रखी है। शुक्रवार की रात उसकी दुकान में आग लग गई। लपटों ने बगल स्थित भगवत प्रसाद निवासी जहनईपुर की फर्नीचर और कमलेश कुमार की प्रिंटिग प्रेस की दुकान को भी अपने आगोश में ले लिया। आग से तीनों दुकानों का सामान जलकर राख हो गया। आसपास के लोगों को भी इसकी भनक तक नहीं लग सकी। शनिवार की सुबह लोगों को दुकानों में आग लगने की जानकारी हो सकी। इस मामले में रमेश ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।