सिपाही भर्ती परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का शुक्रवार से मेडिकल परीक्षण होगा। इसकी तैयारियों का गुरुवार को जिलाधिकारी व एसपी ने मातहतों संग जायजा लिया। सुरक्षा के साथ दूसरे सुझाव भी दिए।
प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती में सफल अभ्यर्थियों का मेडिकल शुक्रवार से पुलिस लाइन में होगा। दूसरे जनपदों के सफल अभ्यर्थियों का मेडिकल करने के लिए पुलिस लाइन के अस्पताल में आयोजन किया गया है। गुरुवार को जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक बलिकरन सिंह यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सीआरओ, एसडीएम समेत अन्य अधिकारियों ने पुलिस लाइन स्थित अस्पताल का जायजा लिया। सीएमओ को मेडिकल के लिए डाक्टरों का पैनल गठित करने का आदेश दिया गया। सभी डाक्टरों का नाम गोपनीय रखा गया है।
अभ्यर्थियों का मेडिकल डाक्टरों के पैनल से होगा। मेडिकल से संबंधित व्यवस्थाएं पुलिस लाइन के अस्पताल में कराने के लिए सीएमओ को आदेशित किया गया है। प्रशासन को आशंका है कि भर्ती प्रक्रिया के परिणाम को लेकर नाराजगी जता रहे अभ्यर्थी कहीं बवाल न कर दें। इसलिए पुलिस लाइन गेट पर भी सख्त पहरा रहेगा। केवल मेडिकल के लिए पास अभ्यर्थी ही पुलिस लाइन के भीतर जा सकेंगे।