प्राइमरी स्कूलों के शिक्षक एक दिन पहले ही रजिस्टर में हाजिरी बना रहे हैं। भुआलपुर किला मिडिल स्कूल में रजिस्टर में 27 मार्च का हस्ताक्षर बनाकर शिक्षक रवाना हो चुके थे। इस बात का खुलासा गुरुवार को बीएसए के निरीक्षण में हुआ। बीएसए ने कड़ी कार्रवाई करते हुए हेडमास्टर सहित छह शिक्षक, शिक्षिकाओं को निलंबित कर दिया है।
निरीक्षण के लिए निकले बीएसए ने सदर विकास क्षेत्र के मिडिल स्कूल रूपापुर में गायब सहायक अध्यापिका अरूणा सक्सेना को निलंबित करते हुए प्रभारी हेडमास्टर विमला देवी का वेतन रोक दिया। मिडिल भुआलपुर किला स्कूल में रजिस्टर चेक किया। यहां हेडमास्टर उर्मिला दुबे, सहायक अध्यापिका चंद्रलेखा श्रीवास्तव, रुबीना, अनिल कुमार मौर्य, तवस्सुम आलिया ने 26 मार्च के साथ ही 27 मार्च का भी हस्ताक्षर बना रखा था।
बीएसए रजिस्टर को अपने साथ उठा लाए और सभी को निलंबित कर दिया। शिवगढ़ ब्लाक के प्राइमरी स्कूल तोडरपट्टी में तैनात शिक्षिका लक्ष्मी पांडेय के 28 जनवरी से गायब रहने पर सेवा समाप्ति का नोटिस दिया है। बीएसए ने बताया कि स्कूल से गायब रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बीएसए एसटी हुसैन ने जिले के सभी एबीआरसी को अपने-अपने स्कूलों में शिक्षण कार्य करने को कहा है। उन्होंने कहा कि स्कूल चलो अभियान, नामांकन जैसे मुख्यकार्य प्राथमिकता पर होने हैं। ऐसी दशा में जिले के सभी 90 एबीआरसी तैनाती वाले स्कूलों में मौजूद रहकर शिक्षण कार्य करेंगे। शासन से नया आदेश आते ही उन्हें अवगत कराया जाएगा।