संदिग्ध हालत में विवाहिता की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। साथ आए परिजन शव लेकर घर जाने लगे। उन्हें पुलिस ने रोककर शव को कब्जे में ले लिया। मौका पाकर परिजन वहां से भाग निकले। जो देर शाम तक वापस नहीं लौटे।
सांगीपुर थाना क्षेत्र के शुकुलपुर निवासी अनीता (30) पत्नी अनिल विश्वकर्मा की रविवार दोपहर अचानक तबियत खराब हो गई। उल्टी होने के दौरान वह अचेत हो गई। आनन-फानन में परिजन एंबुलेंस से उसे उपचार के लेकर सीएचसी सांगीपुुर भागे। वहां डाक्टरों की पूछताछ में अनिता ने जहर खाने की बात बताई। उसकी हालत खराब देख डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल आए। यहां उपचार के दौरान अनिता की मौत हो गई।
यह देख परिजन शव लेकर घर जाने लगे। स्वास्थ्य कर्मचारियों की सूचना पर जिला अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी इमरजेंसी वार्ड आ गए। उन लोगों ने मामले की जानकारी करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। शव को मार्चरी में रखने के बाद परिजन अस्पताल से भाग निकले।
जो देर शाम तक वापस नहीं लौटे। साथ आई मृतका की बेेटी शिवांसी मां को मारने पीटने का आरोप परिवार के लोगों पर लगाने लगी। खबर भेजे जाने तक मायके से भी कोई नहीं आया था। मृतका के दो बेटी व एक बेटा है।