महेशगंज थाना क्षेत्र के लोकैयापुर अठैसा में विवाहिता द्वारा फांसी लगाने के बाद मौके पर जांच करत
घर में अकेली महिला ने कमरे में पंखे के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने ससुरालीजनों पर दहेज को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया।
महेशगंज थाना क्षेत्र के लोकैयापुर अठैसा निवासी अतुल कुमार यादव ट्रक चालक है। घर में उसकी पत्नी सपना देवी (22) अपने सास- ससुर से अलग कमरे में रहती है। शनिवार की सुबह सपना के कमरे का दरवाजा नहीं खुला। सास- ससुर ने कमरे के अंदर झांक कर देखा तो सपना पंखे में लगे फंदे पर झूल रही थी। ससुर सोहनलाल यादव ने इसकी सूचना पुलिस और अपने बेटे अतुल को दी। इधर, मायके वाले भी सूचना मिलने पर पहुंच गए। घटना की सूचना पर महेशगंज एसओ श्रवण कुमार सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और घटना की सूचना फॉरेंसिक टीम को दी। घटनास्थल पर पहुंच कर टीम ने शव को अपने कब्जे में लिया। सपना के पिता कमलेश यादव निवासी बला का पुरवा रायगढ़ ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर ससुराल वालों ने बेटी की हत्या कर दी। सपना की शादी दिसंबर 2021 में हुई थी। उसके 11 माह की बेटी चाहत भी है। उसका पालन-पोषण मायकेवाले कर रहे हैं। इस संबंध में सीओ सदर अमरनाथ गुप्ता का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।