डीजीपी की गाइडलाइन के अनुसार लोकसभा चुनाव की तैयारी को देखते हुए एसपी सतपाल अंतिल ने दस दिन के भीतर 23 थानों पर तैनात सिपाही व दरोगा के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। तीन वर्ष तक एक ही थाने पर काम करने वाले पुलिसकर्मियों की रवानगी कराई है, लेकिन वह ट्रांसफर रुकवाने के लिए नई जगह पर आमद नहीं करा रहे हैं।
एसपी ने कुंडा, पट्टी, लालगंज, सदर, सिटी, रानीगंज सर्किल के सभी थाना, पुलिसचौकी में बीते तीन वर्ष से कार्य कर रहे 350 सिपाही व 145 उप निरीक्षक का कार्यक्षेत्र बदल दिया है। ऐसे पुलिसकर्मियों को दस दिन के भीतर वर्तमान थाने पर आमद कराने को कहा गया है। अचानक तबादला होने से अपने-अपने क्षेत्र में फायदा उठा रहे दरोगा व सिपाही नई जगह जाने को तैयार नहीं हैं। सूत्रों की मानें तो 150 के करीब सिपाही व दरोगा ने अभी अलग-अलग बहाना बताकर अपने थाने पर आमद नहीं कराई है। कुछ पुलिसकर्मियों का तबादला निरस्त कराने के लिए सत्तादल के नेता व क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी कोशिश कर रहे हैं।
नंदलाल बने थाना प्रभारी हथिगवां-
प्रतापगढ़। पट्टी थाना प्रभारी रहे नंदलाल सिंह को पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी हथिगवां की जिम्मेदारी दी है। पट्टी में लंबे समय से तैनात रहे प्रभारी निरीक्षक नंदलाल को एसपी ने दूसरा मौका दिया है।