अयोध्या से प्रयागराज की ओर जा रही मनवर संगम एक्सप्रेस पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। जिससे कई यात्री घायल हो गए। खिड़की के पास बैठे एक यात्री को ज्यादा चोट आने पर जीआरपी और आरपीएफ ने मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायबरेली एम्स के लिए रेफर कर दिया गया।
बस्ती के बभनऊ गौरा निवासी 31 वर्षीय दिलीप विश्वकर्मा शनिवार को घर से महाकुंभ मेला में जाने के लिए निकला। वह मनवर संगम एक्सप्रेस से प्रयागराज जा रहा था। दिलीप ने बताया कि जैसे ही ट्रेन पीपरपुर से आगे बढ़ी। कुछ लोग रेलवे ट्रैक किनारे खड़े थे। वे ट्रेन पर पथराव करने लगे।
यह देख यात्री खिड़की बंद करने लगे। इस बीच एक पत्थर उसके सिर पर आकर लग गया। जिससे वह घायल हो गया। ट्रेन मां बेल्हादेवी जंक्शन पहुंची तो यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल काॅलेज भेज दिया। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताकर रायबरेली एम्स रेफर कर दिया।
दिलीप के अनुसार ट्रेन में सवार करीब चार से पांच लोगों को चोटें आई हैं। जीआरपी एसओ सुमित कुमार ने पथराव की जानकारी से इन्कार किया। आरपीएफ इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि किसी ने ट्रेन में पत्थर मार दिया या फिर गिट्टी उछलकर दिलीप को लग गई। इसके बारे में पता नहीं चल पाया है। जांच की जा रही है।