विवाहिता की मौत को लेकर मायके व ससुराल वालों के बीच जमकर हंगामा हुआ। हालांकि बाद में दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। नगर कोतवाली के सरायदली निवासी अनिल पाल की पत्नी अंकिता पाल को रविवार की रात सांप ने डस लिया था। पति अनिल उसे लेकर प्रयागराज एसआरएन चला गया। जहां उसका उपचार चल रहा था। सोमवार की रात उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर आ गए। मंगलवार की सुबह मायके वाले अनिल के घर पहुंचकर हंगामा करने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। चिलबिला चौकी प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।
रंजिश में पड़ोसियों ने दंपती समेत तीन को पीटा
रंजिश में पड़ोसियों ने दंपती समेत तीन लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया। अंतू थाना क्षेत्र के नरैना निवासी शेषमणि तिवारी की पड़ोसी घनश्याम तिवारी से रंजिश है। सोमवार की शाम दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि घनश्याम अपने परिजनों के साथ शेषमणि के घर पर लाठी-डंडा लेकर पहुंच गया। शेषमणि, उसकी पत्नी रेनू व कमला तिवारी को पीटकर घायल कर दिया। घायलों को पुलिस ने स्थानीय अस्पताल भेजा। पुलिस ने रेनू तिवारी की तहरीर पर घनश्याम तिवारी, दिनेश, आशीष, सुमन व गोविंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
गोताखोर तलाश में जुटे, नहीं मिली बालिका
सई नदी में डूबी बालिका का मंगलवार को भी सुराग नहीं लग सगा। प्रयागराज से आए गोताखोर भी उसे ढूंढने में नाकाम रहे। अंतू थाना क्षेत्र केे ताला शिरिस्ताबाद निवासी धर्मेंद्र सिंह ट्रक चालक है। उसकी बहन माधुरी रविवार को भतीजी विधि के साथ सई नदी में नहाने गई थी। जहां विधि सई नदी में डूब गई। मंगलवार को प्रयागराज से आए गोताखोर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कुछ पता नहीं चला। पानी का बहाव अधिक होने के कारण बालिका का सुराग नहीं लगा। घटना के बाद से परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है।
कार की टक्कर से घायल वृद्ध की मौत
कार की टक्कर से घायल वृद्ध की मौत हो गई। कोहड़ौर थाना क्षेत्र के अतरसंड निवासी रामसजीवन (65) सोमवार की शाम कोटेदार के घर जा रहा था। मदाफरपुर के करीब बेकाबू कार ने साइकिल सवार रामसजीवन को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे लेकर प्रयागराज गए। जहां उपचार के दौरान मंगलवार की शाम उसकी मौत हो गई। इस खबर मिलने पर घर में कोहराम मच गया।