प्रदेश स्तर पर माफिया के रूप में चिह्नित बदमाशों के सरगना माफिया अंकुर त्रिपाठी उर्फ उद्धव त्रिपाठी का 29 लाख की कीमत का मकान एसडीएम सदर के नेतृत्व में पुलिस ने कुर्क कर लिया। घर में ताला लगाते हुए कुर्क का बोर्ड लगाने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई का विरोध करने पहुंची माफिया की मां इसी दौरान अचानक बेहोश हो गई। उन्हें पुलिस कर्मियों ने अस्पताल पहुंचाया।
अंतू थाना क्षेत्र के कोल बजरडीह निवासी अंकुर त्रिपाठी के ऊपर मादक पदार्थों की तस्करी, जानलेवा हमला व गैंगस्टर का आरोप है। माफिया के रूप में वह चिह्नित किया गया है। कोहड़ौर पुलिस ने उसके खिलाफ गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की थी।
इसी के तहत जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर रविवार को एसडीएम सदर शैलेंद्र वर्मा, कोहड़ौर व अंतू की पुलिस टीम ने कोल बजरडीह में अंकुर त्रिपाठी के बने मकान को कुर्क करते हुए बोर्ड लगाया।
मकान की कीमत करीब 29 लाख रुपये बताई जा रही है। इस बीच उसकी मां मीनू तिवारी पहुंची और मकान अपने ससुर का बताया। इसी दौरान मीनू की अचानक तबीयत खराब हो गई और वह बेहोश हो गईं। मौके पर मौजूद अंतू पुलिस उसे इलाज के लिए सीएचसी संड़वा चंद्रिका ले गई। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
अंकुर के खिलाफ 14 मुकदमे दर्ज हैं। एसडीएम सदर शैलेंद्र वर्मा ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर गैंगस्टर एक्ट के तहत अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्ति कुर्क की जा रही है।