प्रेमी के मिलने से इनकार करने पर घुइसरनाथधाम में युवती ने पुल से मोबाइल पर बात करते हुए सई नदी में छलांग लगा दी। डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसका शव नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पिता ने प्रेमी पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है।
लालगंज कोतवाली के क्षेत्र के महिमापुर निवासी बीना वर्मा (20) पुत्री सुभाष वर्मा का सांगीपुर इलाके के तेलियानी गांव निवासी मनीष वर्मा से काफी दिनों से प्रेम चल रहा था। मनीष की बहन की शादी बीना के पड़ोस में हुई थी। वहीं आने-जाने के दौरान दोनों का प्रेम परवान चढ़ा। बुधवार की शाम बीना घर से कुछ दूर रहने वाली अपनी दादी के यहां गई थी।
रात में वह वहीं रुक गई। गुरुवार की सुबह पांच बजे बीना साइकिल से प्रेमी मनीष से मिलने सांगीपुर इलाके में स्थित बाबा घुइसरनाथधाम पहुंच गई। सई नदी के पुल पर रुककर उसने मोबाइल से फोन कर प्रेमी को मिलने के लिए बुलाया, लेकिन वह आनाकानी करने लगा।
बीना उसे बुलाने की जिद पर अड़ गई। काफी देर तक दोनों के बीच मोबाइल पर बात होती रही, लेकिन बार-बार बीना मनीष को बुलाती रही, लेकिन वह नहीं आया।
प्रत्यक्षदर्शियाें के मुताबिक मनीष के आने से इनकार करने पर वह जान देने की बात करने लगी, लेकिन इसके बाद वह आने के लिए तैयार नहीं हुआ। इससे नाराज बीना ने मोबाइल पर बात करते हुए पुल से सई नदी में छलांग लगा दी। डूबने से उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी पर पुलिस व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोर लल्लू सरोज व बजाज एकेडमी के विशाल की मदद से युवती के शव को सई नदी से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। मृतका के पिता सुभाष वर्मा की तहरीर पर आरोपी प्रेमी मनीष वर्मा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। सांगीपुर के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।