तहसील क्षेत्र में सरकारी टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल की सेवा आए दिन धड़ाम रहने से प्रतिदिन लाखों के राजस्व का नुकसान विभाग को हो रहा है। समस्या खोजने में जिले के आलाधिकारी महीने भर से हांफ रहे हैं। मोबाइल के साथ ही लैंडलाइन व ब्राडबैंड किसी भी समय ठप हो जाती है। शिकायतों से थकहार कर अब लोग निजी टेलीकाम कंपनी के सेवा लेने को मजबूर हैं।
लालगंज तहसील क्षेत्र में दर्जनभर दूरसंचार केंद्र व 30 से अधिक बीएसएनएल के टॉवर लगाए गए हैं। सरकारी टेलीकॉम कंपनी के इलाके में लाखों सिमकार्ड धारक हैं। जबकि लैंडलाइन व ब्राडबैंड सेवा का उपयोग व्यवसायिक रूप में भी बड़ी संख्या में किया जाता है, लेकिन बीते तीन महीने से दूरसंचार केंद्र कब ठप हो जाए और टॉवर बंद होने मोबाइल किस समय शोपीस बन जाए इसके बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं रहती। उपभोक्ताओं की शिकायत का भी अफसरों पर कोई असर नही हो रहा है और वे चैन की नींद सो रहे हैं।
नए वर्ष की शुरुआत के बाद से अब तक बीस बार से अधिक दूरसंचार केंद्र व टॉवर ठप हो चुके हैं। कभी दिन भर में ठीक हो सका तो कभी दो दिनों तक भी लोगों को नेटवर्क के लिए हलाकान होना पड़ता है। बीते सप्ताह में बीएसएनएल की सेवा तीन दिन धड़ाम हो चुकी है। सोमवार को दिन भर लैंडलाइन व मोबाइल शोपीस बना रहा। टॉवर बंद होते ही ब्राडबैंड सेवा भी ठप हो जाती है। शनिवार को करीब चार घंटे से अधिक तक दूरसंचार विभाग की सभी सेवाएं ठप रहीं। शनिवार को दोपहर एक बार फिर से सरकारी कंपनी का लैंडलाइन, मोबाइल व इंटरनेट सेवा धड़ाम हो गई और शाम तक इसे ठीक करने में अफसर हलाकान रहे।
रविवार को दिन होने के चलते अफसर मोबाइल पर कर्मचारियों से बात कर ही खराबी ठीक कराने का आश्वासन उपभोक्ताओं को देते रहे। रोज रोज सरकारी टेलीकाम कंपनी की सेवा ठप हो जाने से विभाग को लाखों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। आए दिन लाखों की चपत लगने पर भी विभागीय अफसर लापरवाही बरत रहे हैं। ऐसी कौन से खराबी आ जाती है जिसे ठीक करने में अफसर तीन महीने से हांफ रहे हैं। हलाकान उपभोक्ताओं का कहना है कि निजी टेलीकॉम कंपनियों का नेटवर्क कभी नहीं खराब होता, लेकिन सरकारी सेवा रोज रोज धड़ाम रहती है। जाहिर है खराबी ठीक करने के बजाए कामचलाऊ व्यवस्था की जाती है। थक हार कर अब उपभोक्ताओं से मोह भंग हो रहा है और वे निजी टेलीकाम कंपनियों की सेवा लेने लगे हैं।