सांगीुपर के पदमाकरपुर में आग ने भारी तबाही मचाई। दस घरों को गृहस्थी देखते ही देखते जलकर राख हो गई। आग लगने के बाद गांव में हर ओर अफरातफरी का माहौल देखने को मिला। तीन घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों की सहायता से फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू पा सकी। राजस्व कर्मियों ने गांव जाकर अगलगी से हुए नुकसान का जायजा लिया।
सांगीपुर थाना क्षेत्र के पदमाकरपुर के दुबहा गांव में बुधवार दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। अचानक आग लगने से गांव के जगदेव वर्मा, श्रीनाथ, फूलचंद्र, राकेश कुमार, हरिश्चंद्र, ओमप्रकाश, राजू, कल्पनाथ, राजाराम, अशोक कुमार व रामकुमार का मकान धूं-धूंकर जलने लगा।
ग्रामीणों ने आग बुझाना शुरू किया लेकिन आग की आसमान छूती लपटों के आगे लोग उसके करीब भी फटक नहीं सके। इस बीच सूचना पर सांगीपुर से फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से फायर ब्रिगेड की टीम तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पर पा सकी। आग लगने से दस घरों की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। अगिभन पीड़ितों के पास अब खाने को अन्न का एक दाना भी नही रह गया। तबाही का आलम देख लोगों के आखों से आंसू रुकने का नाम नहीें ले रहे थे। ग्राम प्रधान आशुतोष मिश्र की सूचना पर एसडीएम ने राजस्व कर्मियों को पदमाकरपुर गांव भेज आग से हुए नुकसान की रिपोर्ट तलब की।