कुंडा। मंगलवार दोपहर बाद से शुरू हुई भारी बारिश के कारण कुंडा इलाके भारी जलजमाव हो गया है। जगह-जगह पानी भर गया। सरकारी कार्यालय और कालोनियों में पानी भरने से परेशानी खड़ी हो गई है। बुधवार की सुबह कार्यालय परिसर से पानी निकालने के लिए इंजन लगाए गए। हालांकि दोपहर बाद हुई बारिश से फिर पानी भर गया। बिजली कालोनी में तो पानी भरने से गंदगी भी ऊपर आ गई। इससे पूरी कालोनी के लोग परेशान रहे।
क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर से हल्की बारिश शुरू हुई थी। शाम होते होते बारिश ने तेजी पकड़ ली। रात में तेज गरज के साथ जोरदार बारिश हुई। इसके चलते सुबह दीवानी परिसर में पानी भरा रहा। सुबह नगर पंचायत ने पानी निकालने के लिए इंजन लगाया। इसके अलावा वन विभाग परिसर भी तालाब बन गया। विद्युत केंद्र कुंडा में पानी भरने से विद्युत संचालन में भी परेशानी उत्पन्न हुई। इसके चलते वहां दो-दो इंजन लगाकर पानी निकाला जाता रहा।
बिजली कालोनी में पानी भरने से गंदगी ऊपर आ गई। इससे लोगों का चलना दुश्वार हो गया। इंजन से पानी निकाला जाता रहा, लेकिन दोपहर बाद हुई बरसात से फिर से परिसर में पानी भर गया। इसके अलावा कई मोहल्लों में भी पानी भरा रहा। उधर, जोरदार बारिश के चलते नवाबगंज थाना परिसर भी तालाब में तब्दील हो गया। इसके साथ ही सिपाहियों के आवास में पानी चला गया। भोजन भंडार गृह में भी पानी जाने से परेशानी खड़ी हो गई। पूरे दिन पानी निकालने का प्रयास होता रहा लेकिन दोपहर बाद हुई बरसात ने इस पर प्रयास पर फिर से पानी फेर दिया।