इस माह के दूसरे लॉकडाउन के तहत शुक्रवार रात 10 से सोमवार की सुबह पांच बजे तक जिला पूरी तरह सील रहेगा। जिले के स्कूल, कालेज, सरकारी और अर्द्धसरकारी कार्यालयों के साथ ही व्यापारिक प्रतिष्ठान शनिवार और रविवार को पूरी तरह बंद रहेंगे। बैंक, धार्मिक स्थल, पेट्रोलपंप और स्वास्थ्य सेवाएं जारी रहेंगी। सोमवार से शहर और गांव की दुकानें सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक खुलेंगी।
वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण को देखते हुए डीएम डा. रुपेश कुमार ने जिले में खुलने वाली दुकानों के समय में परिवर्तन किया है। शनिवार और रविवार को लॉकडाउन में स्कूल-कालेज, ऑफिस और व्यावसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहेंगे। सोमवार से शुक्रवार तक खुलने वाली दुकानों के लिए भी समय सीमा निर्धारित कर दी गई है। अब सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक ही दुकानें खुलेंगी। इसके पहले दुकानों के खुलने और बंद होने का कोई समय निर्धारित नहीं किया गया था। इधर, शनिवार से प्रारंभ हो रहे दूसरे मिनी लॉकडाउन में बैंक, धार्मिक स्थल और स्वास्थ्य सेवाओं के साथ ही जरूरी सामानों की आपूर्ति जारी रहेगी। शनिवार और रविवार को पूर्ण बंदी रहेगी।
अब सप्ताह में पांच दिन ही होगा कामकाज
जिले में दो दिवसीय लॉकडाउन हर सप्ताह जारी रहेगा। इस तरह पांच दिवसीय कार्य दिवस में ही विभागीय कामकाज निपटाना होगा। हालांकि, जिले के लोग इस समय कोरोना के दहशत में हैं।
सैनिटाइजेशन के लिए चलेगा अभियान
दो दिन के लॉकडाउन में स्कूलों, आफिसों और ग्रामीण इलाकों को सैनिटाइज करने के साथ ही ग्रामीण इलाकों में साफ-सफाई का अभियान चलाया जाएगा। सीडीओ ने डीपीआरओ से सभी ग्राम पंचायतों में युद्ध स्तर पर सफाई कराने को कहा है। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई से ही महामारी से जंग लड़ी जा सकती है।