light rain with morning winds sweaty sweat in the afternoon
- फोटो : PRATAPGARH
शुक्रवार को सुबह हवाओं संग रिमझिम बारिश हुई, मगर उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिली। दोपहर में बादल छंटने के बाद थोड़ी देर के लिए धूप खिली तो उमस भरी गर्मी का कहर शुरू हो गया। दिनभर पंखे व कूलर फर्राटा भरते रहे। इधर, बारिश से किचपिच व जलजमाव से लोगों को जूझना पड़ा। शहर से लेकर गांव तक गर्मी से लोग बेहाल रहे। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 31.4 व न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
शुक्रवार को सुबह से ही आसामान में बादलों की सक्रियता बढ़ गई थी। पुरवा हवाओं संग काले बादलों की फौज आसमान में डटी हुई थी। सुबह साढ़े 10 बजे के करीब 15 मिनट तक तेज हवाओं संग बरसात हुई। आसमान में बादलों की पैठ मजबूत रही। इससे लोगों को लगा कि दिनभर बारिश होगी, मगर दोपहर बाद बादल छट गए। थोड़ी देर के लिए धूप खिली तो उमस भरी गर्मी का कहर शुरू हो गया। शहर के बाबागंज, भंगवाचुंगी, सदर बाजार, अंबेडकर चौराहा सहित भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर लोग गर्मी से बेहाल दिखे। दुकानदारों के साथ ही ग्राहक पसीने से तरबतर रहे। पंखे व कू लर की हवा से राहत नहीं मिल पा रही थी।
दिनभर उमसभरी गर्मी से लोग बेहाल रहे। वहीं बारिश से जगह- जगह किचपिच व जलजमाव की समस्या पैदा हो गई। विवेकनगर, सिप्तैनरोड, शिवजीपुरम, दहिलामऊ, बेगमवार्ड सहित मोहल्लों में जगह-जगह जलजमाव व किचपिच से लोग परेशान रहे। दिनभर आवागमन में लोगों को फजीहत झेलनी पड़ी। मौसम विभाग के वैज्ञानिक देशराज मीना ने बताया कि पछुआ हवाओं की सक्रियता बढ़ते ही बारिश होगी।