कस्बे के मेन चौराहे पर होली को एक हत्यारोपी की सक्रियता और दबंगई से नाराज व्यापारियों ने कोेतवाली पहुंचकर उसके खिलाफ तहरीर देते हुए घेराव किया। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कस्बे के मेन चौराहा निवासी सुभाषचंद्र की 2014 में हत्या कर दी गई थी। इसका मुकदमा चल रहा है। हत्यारोपी जमानत पर बाहर चल रहे हैं। आरोप है कि इसमें विनोद कुमार साहू निवासी करेटी रोड घर के आस-पास कुछ शातिर बदमाशों के साथ घूमता है और मुकदमा उठा लेने की धमकी दे रहा है।
मुकदमे में सुलह न करने पर सबको मार डालने की धमकी दे रहा है। 24 मार्च को वह मुहल्ले में आया और काफी देर तक रहा। इस दौरान उसने कई लोगों को धमकाया और उनसे मुकदमा उठाने की बात कही। मना करने पर वह और उसके साथ रहे लोगों ने हाथों में असलहा लेकर देर शाम गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके विरोध में शनिवार को भारी संख्या में व्यापारी कुंडा कोतवाली पहुंचे और कोतवाल को उसके बारे में जानकारी दी। इस पर कोतवाल ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराते हुए कड़ी कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।