नगर कोतवाली के एक गांव में मासूम से कुकर्म करने के आरोप में ग्रामीणों द्वारा धरा गया युवक।
- फोटो : PRATAPGARH
कुकर्म के आरोपी को पेड़ में बांधकर पीटा
चेहरे पर महिलाओं ने पोती कालिख, पुलिस ले गई कोतवाली
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। बालक के साथ कुकर्म करने के आरोपी को पेड़ से बांधकर ग्रामीणों ने जमकर पीटा। महिलाओं ने उसके चेहरे पर कालिख पोत दी। हर कोई उसकी करतूत की निंदा करता रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे ग्रामीणों के चंगुल से बचाया और कोतवाली लाकर पूछताछ शुरू कर दिया। पीड़ित बालक की मां ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
नगर कोतवाली इलाके के एक गांव में शुक्रवार की रात टेलीविजन देखने गए सात वर्षीय लड़के के साथ एक युवक ने कुकर्म किया। उसके चंगुल से छूटने के बाद वह किसी तरह घर पहुंचा था। मां को आपबीती सुनाई तो उसके होश उड़ गए। शोरशराबा सुनकर गांव के लोग पहुंचे। बालक के साथ हुई ज्यादती की बात सुनते ही लोग आरोपी विजय पुत्र भवन के घर पहुंचे, लेकिन वह भाग निकला था। घटना की सूचना पुलिस को देने के बाद परिजन पीड़ित बालक को लेकर भंगवा चुंगी पुलिस चौकी पहुंचे। सूचना मिलने पर शहर कोतवाल भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी के घर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। रातभर उसकी तलाश में पुलिसकर्मी भटकते रहे। पीड़ित बालक की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने आरोपी विजय को गांव के बाहर दौड़ाकर दबोच लिया। इसके बाद उसे गांव के प्राथमिक विद्यालय के करीब पेड़ से बांधकर लोगों ने बेल्ट, लात घूंसों से पीटा। पिटाई के दौरान आरोपी विजय के चेहरे पर महिलाओं ने कालिख पोत दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस आरोपी विजय को लेकर कोतवाली चली गई। पुलिस उससे पूछताछ करती रही। पीड़ित बालक को मेडिकल के लिए भेजा गया। भंगवा चुंगी चौकी प्रभारी ने बताया कि कुकर्म के आरोपी को ग्रामीणों ने पीटा था। उससे पूछताछ कर जेल भेजा जाएगा।