डाकघर में धन दोगुना करने के लिए प्रारंभ हुई किसान विकास पत्र योजना अभी गांव के डाकघरों में नहीं पहुंची है। आठ माह पूर्व घोषणा होने के बाद ही गांव के लोग इस योजना का लाभ लेने के लिए डाकघरों का चक्कर लगा रहे हैं, जबकि प्रधान डाकघर में किसान विकास पत्र की बिक्री खूब हो रही है।
डाक विभाग ने सौ महीने में धन दूना करने के लिए किसान विकास पत्र योजना एक बार फिर प्रारंभ की है। डाक विभाग ने आठ माह पूर्व योजना लागू करने की घोषणा की थी। इसकी वजह अभी तक ग्रामीण इलाकों में किसान विकास पत्र का नहीं पहुंचना है। शहर के प्रधान डाकघर में इन दिनों किसान विकास पत्र की खूब बिक्री हो रही है। मगर ग्रामीण इलाकों के शाखाओं में नहीं पहुंचने से लोगों को धन दूना करने का लाभ नहीं मिल रहा है।
प्रवर डाक अधीक्षक एपी तिवारी ने बताया कि किसान विकास पत्र कानपुर स्थित मुख्यालय से आता है। प्रधान डाकघर में काफी समय से उपलब्ध है, मगर ग्रामीण इलाकों में अभी नहीं पहुंचा है। शीर्ष अधिकारियों को ग्राहकों की मांग से अवगत करा दिया गया है, जल्द ही आने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पूर्व किसान विकास पत्र खरीदने वाले ग्राहकों का धन 84 माह में दूना होता था, मगर अब ब्याज की रकम घटाकर इसे सौ माह के लिए कर दिया गया है।