सात मोबाइल, पैन कार्ड, आधार कार्ड और घटना में प्रयुक्त कार बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
जेठवारा। पंद्रह लाख रुपये की रंगदारी के लिए अगवा युवक को पुलिस ने इटावा से बरामद किया। पुलिस ने अगवा करने वाले अपहरणकर्ताओं को भी गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से सात मोबाइल तथा घटना में प्रयुक्त कार पुलिस ने बरामद कर लिया। लिखापढ़ी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेजा। हालांकि लोगों का कहना था कि यदि पुलिस ने उदासीनता न दिखाई होती तो आरोपियों को अपने रुपये के लिए यह कदम न उठाना पड़ता।
जेठवारा थाना क्षेत्र के पूरनपुर निवासी रेखा देवी ने पति छोटेलाल यादव को अगवा करके और बंधक बनाकर 15 लाख रुपये मांगने की शिकायत पुलिस से की थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की है, सभी की लोकेशन इटावा में मिली है। पुलिस की एक टीम बृहस्पतिवार को ही इटावा के लिए रवाना हो गई।
खोजबीन के दौरान शुक्रवार की रात पुलिस ने मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र से अगवा छोटेलाल को बरामद करने के साथ ही आरोपी कुंडा के जमेठी बेलहा बाग निवासी शैलेन्द्र कुमार यादव , मानिकपुर के ऐमा अस्थौ निवासी कुलदीप कुमाररादव, कुंडा के तिलौरी सद्ध का पुरवा निवासी जितेंद्र पटेल, जमेठी फेरई का पुरवा निवासी विनोद कुमार यादव बेंती मार्ग शांति नगर निवासी आयुष मौर्या और जमेठी गुलाम का पुरवा निवासी दिलीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया। सीओ सदर अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि आरोपियों के पास से तलाशी के दौरान 24 हजार रुपये, सात मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड व घटना में प्रयुक्त कार बरामद हुआ है।