कौशांबी कोतवाली क्षेत्र के बिदांव गांव में शनिवार की रात दबंगों ने पुरानी अदावत को लेकर घर में सो रहे बाप व नाबालिग बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला कर घर में आग लगा दी जिससे पूरा घर जलकर राख हो गया। बिदांव गांव निवासी कामता प्रसाद मजदूर है। गांव में ही ईटा,गारा का काम कर परिवार का खर्च चलाता चलाता है। उसके मुताबिक गांव के महेश प्रसाद से पुरानी अदावत चली आ रही है।
शनिवार की रात महेश प्रसाद व उसका पिता शीतल घर पर आ गए और मामूली बात को लेकर गाली गलौज करने लगे विरोध करने पर महेश प्रसाद व उसके पिता शीतल ने कुल्हाड़ी व डंडे से हमला कर दिया जिसमें कामता प्रसाद व उसका नाबालिक बेटा बृजमोहन (13)गंभीर रूप से घायल हो गए।कामता प्रसाद को सिर में गंभीर चोट आई है। शोरगुल की आवाज सुन कर जब तक पड़ोसी बीच बचाव करने आते हमलावर घर में आग लगाकर फरार हो गए, जिससे पूरे घर की गृहस्थी जल कर राख हो गई।
दोनों घायलों को सीएचसी कनैली में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। आरोप है कि पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई तहरीर को पुलिस ने तहरीर बदलवा कर मामूली धाराओं में महेश प्रसाद व शीतल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।