रविवार को देहरादून से बनारस जा रही जनता एक्सप्रेस का इंजन प्रतापगढ़-पृथ्वीगंज रेलवे स्टेशन के बीच में फेल हो गया। इसके चलते करीब सवा दो घंटे तक ट्रेन खड़ी रही। कंट्रोल से मैसेज मिलने के बाद पद्मावत एक्सप्रेस का इंजन भेजा गया। तब कहीं जाकर ट्रेन बनारस के लिए रवाना हुई। इससे यात्रियों को भूख और प्यास से तड़पना पड़ा।
रविवार को देहरादून से बनारस जा रही जनता एक्सप्रेस का इंजन पृथ्वीगंज स्टेशन से दो किमी पहले ही फेल हो गया। इसके चलते इंजन बंद हो गया। चालक काफी देर तक परेशान हुआ, मगर तकनीकी खामियों को वह दूर नहीं कर सका। जिसके चलते दोपहर एक से तीन बजे तक ट्रेन खड़ी रही। इससे यात्री परेशान हो गए।
चालक ने इसकी जानकारी कंट्रोल को दी। कंट्रोल ने प्रतापगढ़ को सूचित किया। स्टेशन अधीक्षक ने करीब सवा तीन बजे पद्मावत एक्सप्रेस का इंजन भेजा। साढ़े तीन बजे के करीब ट्रेन आगे बढ़ी। मेन लाइन पर जनता एक्सप्रेस के फंसने के कारण पंजाब मेल भी करीब आधे घंटे तक प्रतापगढ़ स्टेशन पर खड़ी रही।