जनता निरस्त, दस घंटे की देरी से जंक्शन पहुंची पद्मावत एक्सप्रेस
प्रतापगढ़। लखनऊ- दिल्ली रेल मार्ग पर रामपुर स्टेशन के पास मालगाड़ी बेपटरी होने की वजह से कई ट्रेनें समय की पटरी से उतर गई हैं। रेलवे बोर्ड ने जनता एक्सप्रेस को जहां निरस्त कर दिया वहीं दिल्ली से चलकर प्रतापगढ़ को आने वाली पद्मावत एक्सप्रेस दस घंटे की देरी से पहुंची। इस कारण यात्री परेशान रहे। सामान्य टिकट बिक्री प्रभावित हुई और यात्रियों ने टिकट निरस्त कराए।
स्टेशन अधीक्षक शमीम अहमद के मुताबिक दिल्ली से प्रतापगढ़ को आने वाली पद्मावत एक्सप्रेस का मां बेल्हा देवी जंक्शन पहुंचने का समय सुबह 8.20 बजे है। रामपुर में हुए रेल डिरेलमेंट के बाद यह ट्रेन दस घंटे की देरी से प्रतापगढ़ जंक्शन(मां बेल्हा देवी स्टेशन) पहुंची। उन्होंने बताया कि जनता एक्सप्रेस अप और डाउन दोनों निरस्त हैं।
पुरी से आनंद विहार को जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस एक घंटे, वाराणसी से प्रतापगढ़ को आने वाली बीएल पैसेंजर ट्रेन आधा घंटा, लोकमान्य तिलक प्रतापगढ़ एक घंटा, अमृतसर से हावड़ा को जाने वाली पंजाबमेल सात घंटे की देरी से चल रही है। यह ट्रेन रात नौ बजे और बस्ती से प्रयागराज संगम को जाने वाली ट्रेन दो घंटे की देरी से जंक्शन पहुंचने की उम्मीद है।