श्रद्धालुओं के लिए की गई है पूरी व्यवस्था, गेट से लेकर अंदर तक फूलों और परदों से की गई सजावट
कुंडा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के लिए मनगढ़ स्थित भक्तिधाम सज गया है। श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया है। साधक पहले से ही पहुंच गए हैं। गेट से लेकर मंदिर परिसर तक फूलों और रंग-बिरंगे परदों से सजावट की गई है। पार्क में बच्चों के खेलने के लिए झूले भी लगाए गए हैं। इसके अलावा परिषद की तरफ से दुकानें और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जूते सुरक्षित रखने के लिए स्टाल तैयार हो गए हैं। प्रसाद वितरण के लिए भी कई जगह स्टाल लग गए हैं। सोमवार की रात में जन्मोत्सव के समय लड्डू गोपाल के श्रृंगार के साथ ही उनकी आरती की जाएगी। इसके बाद केक काटा जाएगा।
भक्तिधाम मनगढ़ कृपालु मंदिर में श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव पूरी भव्यता के साथ मनाया जाता है। यहां मंदिर में रहने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही आने वाले दर्शनार्थियों के लिए भी व्यवस्था की जाती है। इसी के मद्देनजर गेट से लेकर परिसर तक आर्टिफिशियल फूलों और रंग बिरंगे परदों से सजावट की गई है। गेट के अंदर पार्किंग की व्यवस्था बंद करके जगद्गुरु कृपालु परिषद की दुकानें लग गईं हैं, जहां विविध सामान और कपड़ों की खरीदारी हो सकेगी। इसके साथ ही दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के जूते सुरक्षित रखने के लिए 50 हजार थैलों के साथ ही 50 स्टाल लगाए गए हैं। इसके अलावा बच्चों के खेलने के लिए पार्क में झूले और प्रतिबंधित पार्क में देखने के लिए हिरन, गाय सहित अन्य सजावट भी हुई है। मुख्य मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को बैरिकेडिंग से होकर गुजरना पड़ेगा। सोमवार की रात में विधिविधान से सभी पूजन कार्यक्रम होंगे। जन्मोत्सव के लिए लड्डू गोपाल का अभिषेक होने के बाद श्रृंगार होगा। इसके साथ पूजन के साथ ही आरती की जाएगी और केक भी काटा जाएगा। मंदिर परिसर में पूतना वध, माखन चोरी, झूला, जेल में श्रीकृष्ण, नवजात कृष्ण को लेकर यमुना पार करते वासुदेव, भक्ति मंदिर का भीतरी वातावरण भी श्रीकृष्ण की मनमोहक लीलाओं से सजाया गया है। लोग झांकियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण का जीवन दर्शन कर सकेंगे। इसमें श्रृद्धालुओं को बाल स्वरूप श्रीकृष्ण, सखाओं के साथ माखन खाते सहित अन्य झांकियों का मनमोहक चित्रांकन किया गया है। यह कार्यक्रम रविवार की रात से ही शुरू हो जाएंगे। शाम होते ही मंदिर भी कई रंगों में अपनी झलकियां बिखेरेगा।
साधकों के लिए की गई है अलग व्यवस्था
कुंडा। भक्तिधाम में रहने वाले और साधना करने वाले लोगों के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। विशेष पास के जरिए वह मंदिर परिसर में साधना कर सकेंगे। सोमवार रात आठ बजे से साधना शुरू हो जाएगी। इसके बाद रात 11 बजे से भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में वह सीधे हिस्सा ले सकेंगे। इसके लिए उन्हें अलग गेट से अंदर ले जाया जाएगा।
प्रशासनिक उपेक्षा के कारण होती है परेशानी
कुंडा। भक्तिधाम मनगढ़ में आए दिन 20 हजार से अधिक लोग दर्शन करने के लिए पहुंचते हैं। इसके चलते रोड पर जाम लगता है। कई जगह सडक़ भी खराब होने के चलते उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासतौर से जाम की समस्या से आने वाले सामान्य श्रद्धालु भी जूझते हैं। इसके स्थाई हल के लिए मंदिर प्रबंधक ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर रोड 300 मीटर के डिवाइडर की मांग की थी। यही नहीं इसके लिए प्रबंधन ने स्वयं से धन खर्च करने की पेशकश भी की थी। जिलाधिकारी को इस कार्य के लिए अनुमति प्रदान करने के लिए कैबिनेट मंत्री मोती सिंह ने भी पत्र लिखा था लेकिन जिलाधिकारी ने इस बारे में ध्यान नहीं दिया। इसके चलते मंदिर प्रबंधन ने स्वयं से आर्टिफिसियल डिवाइडर तैयार किया है। हालांकि वह पर्याप्त नहीं है।
50 प्वाइंट पर रहेगा पुलिस का पहरा
कुंडा। भक्तिधाम मनगढ़ में भारी संख्या में आने वाले लोगों की व्यवस्था के लिए पुलिस ने 50 प्वाइंट तैयार किए हैं। डेढ़ किमी पहले से ही गाड़ियों को रोकने और उन्हें पार्किंग में खड़ी करवाने का काम होगा। इसके अलावा पुलिस जगह-जगह रुक कर लोगों को सीधे लाइन में ही गाड़ियों को रखने के लिए व्यवस्थित करने का कार्य करेगी। रविवार से ही फोर्स मंदिर पहुंच गई है।