सर्दी के दिनों में निरस्तीकरण और विलंब से आने वाली ट्रेनों का इंतजार यात्रियों पर भारी पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को देहरादून जाने वाली इकलौती ट्रेन को रद्द कर दिया गया। वहीं, आठ ट्रेनें घंटों देरी से जंक्शन पर पहुंची।
स्टेशन अधीक्षक जेपी शुक्ल ने बताया कि वाराणसी से देहरादून को जाने वाली जनता एक्सप्रेस को रेलवे कंट्रोल ने रद्द कर दिया। उन्होंने बताया कि मरुधर एक्सप्रेस छठ घंटे, पद्मावत एक्सप्रेस दो घंटे, पीआरएल पैसेंजर डेढ़ घंटे, देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस 2ः20 घंटे की देरी से जंक्शन पर पहुंची।
अर्चना एक्सप्रेस दो घंटे, अमृतसर-हावड़ा पंजाबमेल 1ः45 घंटे, वाराणसी से लखनऊ की ओर जाने वाली मरुधर एक्सप्रेस तीन घंटे और प्रयाग-अयोध्या मेमू पैसेंजर एक घंटे विलंब से जंक्शन पर पहुंची।
दहिलामऊ निवासी आरपी चौधरी ने बताया कि वे परिवार के साथ हरिद्वार में रहते हैं। वापस जाना था मगर ट्रेन निरस्त होने के कारण यात्रा रद्द करनी पड़ी। पट्टी निवासी संजय ने बताया कि मरुधर एक्सप्रेस को लखनऊ से प्रतापगढ़ पहुंचने में दो की जगह चार घंटे लग रहे हैं।