मांगों को लेकर कलक्ट्रेट में 20 दिनों से बैठे एक परिवार को अनशन तोड़ने के लिए धमकाने का आरोप एसओ संग्रामगढ़ पर लगाया गया है। इससे अनशनकारी परेशान हैं। अनहोनी की आशंका जताते हुए आला अधिकारियों से शिकायत की है।
आरोप है कि संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के लाला का पुरवा निवासी हीरालाल विश्वकर्मा को 29 मार्च को थानाध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी और तहसीलदार लालगंज ने मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया था। महिलाओं और बच्चों के साथ अभद्रता भी की गई। पूरे कुनबे के साथ हीरालाल 30 मार्च से कचहरी में अनशन पर बैठा हुआ है। इसका आरोप है कि शुक्रवार शाम एसओ वीरेंद्र तिवारी पहुंचे और अनशन तोड़कर घर जाने को कहा। विरोध करने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए महिला पुलिस को बुलाने लगे। एसओ ने कहाकि यदि धरना समाप्त नहीं करते हो तो सभी पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया जाएगा। इससे परेशान हीरालाल विश्वकर्मा ने जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।