उपकेंद्र के विद्युत लाइन का इंसुलेटर खराब होने के कारण रामपुर बावली, भटनी और रायपुर तियाई विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े करीब 300 गांवों की बिजली आपूर्ति लगभग 20 घंटे तक ठप रही। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली न होने से उमस और गर्मी में लोग बेहाल रहे। बच्चों, बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी। मोबाइल फोन चार्ज न होने से ग्रामीणों का जरूरी काम प्रभावित हुआ। वहीं सुबह बिजली नहीं आने से घरों में लगे मोटर और सबमर्सिबल नहीं चल सके, जिससे पानी का संकट खड़ा हो गया। लोगों को हैंडपंपों और दूसरे साधनों से पानी जुटाना पड़ा। बिजली पर निर्भर छोटे दुकानदारों और कारोबारियों का काम भी प्रभावित रहा।
ग्रामीणों का आरोप है कि खराब इंसुलेटर की जानकारी समय से विभाग को हो गई थी। इसके बावजूद उसे बदलने में करीब 20 घंटे लग गए। इससे तीनों विद्युत उपकेंद्र महज शोपीस बनकर रह गए। लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों में विभाग के प्रति आक्रोश है। रविवार की दोपहर करीब 11 बजे आपूर्ति बहाल की गई। अधीक्षण अभियंता छैल बिहारी ने बताया कि शिकायत मिलने पर इंसुलेटर ठीक कराकर आपूर्ति बहाल कराई गई है।