मंगलवार को यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान द्वितीय की परीक्षा में दो परीक्षा केंद्रों पर सामूहिक नकल होती मिली। सचल दल के पहुंचने पर नकल सामग्रियों की बौछार होने लगी। जिसे गंभीरता से लेते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने दोनों परीक्षा केंद्रों को डिबार करने व केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ कार्रवाई करने की रिपोर्ट भेजी है। दूसरी ओर द्वारिकानाथ मिश्र इंटर कालेज कोटवा के केंद्र व्यवस्थापक पर सांगीपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डा. ब्रजेश मिश्र मंगलवार को रसायन विज्ञान द्वितीय की परीक्षा देखने के लिए केंद्रों का निरीक्षण करने निकले। वह राजा दिनेश सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बढ़नी पहुंचे। डीआईओएस को देखते ही परीक्षा केंद्र पर हड़कंप मच गया। कक्षों के बाहर बड़े पैमाने पर नकल सामग्रियां फेंकी हुई मिलीं। यह देख केंद्र व्यवस्थापक को डीआईओएस ने कड़ी फटकार लगाई। शिक्षा विभाग की सचल दल की टीम जय करन सिंह की अगुवाई में माता प्रसाद शुक्ल इंटर कालेज बेहदौल खुर्द फतनपुर पहुंची। सचल दल को देखते ही परीक्ष कक्ष से बाहर की ओर नकल सामग्री फेंकी जाने लगी। यह देख लोग हैरत में पड़ गए। परीक्षा दे रहे परीक्षार्थी भी सीटिंग प्लान से हटकर बैठे रहे। केंद्र व्यवस्थापक को कड़ी फटकार लगाते हुए टीम ने नकल सामग्री कब्जे में ले लिया।
इस मामले में डीआईओएस ने दोनों परीक्षा केेंद्रों को डिबार करने के लिए बोर्ड को संस्तुति की है। केंद्र व्यवस्थापक पर कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है। डीआईओएस ने बताया कि द्वारिकानाथ मिश्र इंटर कालेज कोटवा सांगीपुर में 24 मार्च को निरीक्षण के दौरान दो उत्तर पुस्तिकाएं एक दिन पहले संपन्न हुई परीक्षा की मिली थी। पूछताछ के बाद केंद्र व्यवस्थापक सहीं जवाब नहीं दे सके। इस मामले में सांगीपुर थाने में केंद्र व्यवस्थापक सुरेश मिश्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।