पट्टी। कृषि कानून के विरोध में मंगलवार को प्रस्तावित भारत बंद का असर पट्टी में देखने को नहीं मिला। रोज की तरह सुबह से ही दुकानदारों ने अपने-अपने प्रतिष्ठान खोले। इस दौरान एहतियात के तौर पर पुलिस ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा के साथ ही जिला सचिव रामयज्ञ चौरसिया, संतोष शर्मा, मनोज पांडेय, विवेक पांडेय, रामराज वर्मा, दिनेश मिश्रा, विमल सिंह, सुरेश बहादुर यादव व राजेश कुमार सिंह समेत 15 लोगों को हिरासत में लिया। शाम को सभी का शांतिभंग में चालान कर दिया। वही पट्टी के गजरिया निवासी ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के पदाधिकारी रामसमुझ मौर्य व दाउदपुर निवासी पुष्पेंद्र विश्वकर्मा को उनके आवास पर नजरबंद किया गया।
पूर्व विधायक समेत 70 सपा नेताओं पर मुकदमा दर्ज
प्रतापगढ़। सोमवार को बिना अनुमति जुलूस निकाल कर प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने पूर्व विधायक समेत 70 सपा नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नगर कोतवाली में पुलिस ने पूर्व विधायक नागेंद्र यादव मुन्ना, इरशाद सिद्दीकी, वासिक खान समेत 26 लोगों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज किया। वहीं पट्टी के शहीद स्मारक स्थल रूर में सपा नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। इस मामले में पट्टी पुलिस ने जनपद में धारा 144 लागू होने के बावजूद बिना सोशल डिस्टेंसिंग व कोविड-19 की गाइड लाइन का उल्लंघन करने के आरोप में पूर्व विधायक राम सिंह पटेल, विजय यादव, जीत लाल उर्फ पप्पू यादव, रमाशंकर यादव, अमित पाठक, उमाशंकर, अतुल यादव, मो. मुकीम, मुन्ना पटेल, असगर अंसारी, सिराज अहमद, लाल बहादुर पासी, बांकेलाल पटेल, प्रमोद पटेल, सुरेश यादव सहित 24 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सपा नेता पिता-पुत्र का शांति भंग में चालान
एसडीएम ने नहीं दी जमानत, भेजे गए 14 दिन के लिए जेल
पट्टी। लॉकडाउन उल्लंघन के मामले में हिरासत में लिए गए सपा नेता पप्पू यादव व उनके बेटे का पुलिस ने शांतिभंग में चालान कर दिया। एसडीएम ने जमानत न देकर 14 दिन के लिए जेल भेज दिया।
पट्टी कोतवाली क्षेत्र के रामकोला निवासी जीत लाल यादव उर्फ पप्पू यादव समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष हैं। उनके विरुद्ध छह माह पहले लाक डाउन उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया था। जिसमें पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। बीते सोमवार को वह सपा की किसान पदयात्रा में शामिल होने आए थे। जहां उन्हें व उनके पुत्र शिवम यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मंगलवार को पिता-पुत्र को कोतवाली पुलिस ने शांति भंग के तहत एसडीएम न्यायालय में चालान भेज दिया।। जहां एसडीएम धीरेंद्र प्रताप सिंह ने जमानत प्रार्थना पत्र अस्वीकार करते हुए 14 दिन के लिए जेल भेज दिया।