जिले में गर्मी का कहर जारी है। मंगलवार दोपहर शहर के बस अड्डा, जंक्शन, प्रमुख चौराहों पर पानी के इंतजाम नाकाफी नजर आए। वहीं, बिजली कटौती ने लाखों उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने जिले में लू चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही दोपहर से शाम तक घर में रहने की अपील की गई है।
जिले में मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा। बस अड्डा, मां बेल्हा देवी धाम जंक्शन व कचहरी के आसपास लोगों को शीतल जल मुहैया नहीं हो सका। सनई अनुसंधान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक देशराज मीना ने बताया कि लू का अलर्ट जारी है। लोगों से धूप में नहीं निकलने की अपील की गई है।
इनसेट:-
टोटियों से निकल रहा गर्म पानी
मां बेल्हा देवी धाम जंक्शन पर पहुंचे लालगंज के पीपरताली निवासी सुखीराम ने बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है। टोटी से गर्म व खारा पानी आ रहा है।
बस अड्डे पर पहुंचे हीरागंज निवासी संतोष ने बताया कि डिपो परिसर की टोटियों से गर्म पानी निकल रहा है। कचहरी पहुंचे सगरा के राम शिरोमणि ने बताया कि हैंडपंप का पानी दूषित है। बाहर से बोतलबंद पानी लेकर प्यास बुझाई।
इनसेट:-
शहर व गांव तक बिजली गुल, नींद हराम
शहर के दहिलामऊ, रूपापुर, बाबागंज व कादीपुर के करीब एक लाख उपभोक्ताओं को अघोषित बिजली कटौती से परेशान होना पड़ा। रूपापुर उपकेंद्र के सगरा क्षेत्र में सोमवार रात करीब 15 बार से अधिक बिजली कटौती हुई।
दहिलामऊ के करनपुर व आसपास के मोहल्ले में सोमवार रात करीब दो घंटे तक बिजली गुल रही। सगरा के लालजी मिश्र, माया शर्मा ने बताया कि रात में 20 बार से अधिक बिजली गुल हुई। इस कारण नींद हराम हो गई।
ग्रामीण अंचल के भुपियामऊ, हंडौर, अजगरा, अंतू, संडवा चंद्रिका समेत अन्य उपकेंद्रों पर चार से पांच घंटे तक अघोषित बिजली कटौती हुई। अधीक्षण अभियंता छैल बिहारी ने बताया कि लोड बढ़ने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है।
रेलवे स्टेशन के समीप चिलचिलाती धूप से बचने का प्रयास करतीं युवतियां। संवाद