कोहड़ौर थाना क्षेत्र के कोड़री गांव में मामूली विवाद को लेकर मंगलवार की रात चौकीदार के छोटे भाई राकेश कुमार (40) की लाठी-डंडे से पीटने के बाद कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उसके घर में जमकर तोड़फोड़ करने के साथ महिलाओं को भी पीटा। घटना के बाद परिजन शव लेकर थाने पहुंचे और हंगामा करने लगे। जिसके बाद कोहड़ौर पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने महिला समेत दो आरोपियों को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
कोड़री निवासी लहुरी गौतम के दो बेटों में बड़ा बेटा राधेश्याम थाने का चौकीदार है। छोटा बेटा राकेश कुमार मजदूरी कर परिवार का गुजर-बसर करता था। राकेश का पड़ोसियों से पुराना विवाद है। विरोधी राजेंद्र ने राकेश के घर के पास नहर में मछली पकड़ने के लिए मेड़ बांध रखा है। मंगलवार की शाम राकेश के घर की लड़कियां मेला देखकर लौट रही थीं। जिससे मेड़ टूट गया। जिसे लेकर हुए विवाद में राजेंद्र पक्ष के लोगों ने राकेश के घर पर हमला कर दिया। परिवार की राजकली (62), कंचन (50) व कल्पना (22) को पीटकर घायल कर दिया। घर में तोड़फोड़ भी की।
घटना की जानकारी मिलने के बाद राकेश मदाफरपुर मेले से घर के लिए चल पड़ा। रास्ते में बाग के पास आरोपियों ने उसे रोककर लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जिससे वह अधमरा होकर गिर पड़ा। आसपास के लोगों के दौड़ने पर आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। रात में राकेश को उपचार के लिए कोहड़ौर ले जाया गया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया। यहां से बुधवार को परिजन घायल राकेश को लेकर थाने जा रहे थे, मगर रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर थाने पहुंचे और हंगामा करने लगे।
पुलिस ने सभी को समझाबुझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतक की पत्नी सावित्री की तहरीर पर पुलिस ने तुलसीराम, सचिन, विपिन, बसंत लाल, अमृतलाल, रामेश्वर, जगन्नाथ, राजेंद्र, राकेश, अखिलेश, सूरज, शीतला प्रसाद, जयप्रकाश, अनंतूराम, सन्नी, धीरज, रीता, संगीता, तुलसीराम की पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि महिला समेत दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
छह माह पहले भी वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान हुई थी मारपीट
कोहड़ौर के कोड़री के रहने वाले राकेश व राजेंद्र पक्ष के बीच छह माह पहले भी विवाद हो चुका था। वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद में राकेश पक्ष के लोग भारी पड़े थे। जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच अनबन रहती थी। राजेंद्र पक्ष के लोग मौके की तलाश में रहते थे। हाल ही में राजेंद्र पक्ष के लोग मुंबई से घर लौटे थे। अब उनकी संख्या अधिक हो गई थी। वह लोग मौके की तलाश में थे।
मृतक राकेश कुमार। फाइल फोटो- फोटो : PRATAPGARH