नबाबगंज थाने के सैफू क पुरवा के समीप सड़क हादसे में घायल लोग।
- फोटो : PRATAPGARH
परियावां। लखनऊ-प्रयागराज राजमार्ग पर सैफू का पुरवा आलापुर के करीब रविवार की रात डीसीएम व कार की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पत्नी समेत परिवार केे तीन लोग घायल हो गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को कालाकांकर सीएचसी में भर्ती कराया।
प्रयागराज जनपद के मम्फोर्डगंज के रहने वाले सुरेश कुमार शुक्ल (59) रविवार की सुबह अपने परिवार के साथ कार से भांजे के वरीछा कार्यक्रम में शामिल होने रायबरेली गए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद बहनोई रामअधार पांडेय ने सभी को घर के लिए विदा किया। सुरेश के साथ कार में पत्नी आभा शुक्ला (55), बेटा अक्षय (28) व बेटी अदिति (26) सवार थी। रात करीब साढ़े सात बजे कार लेकर सुरेश नवाबगंज थाना क्षेत्र के आलापुर के सैफू का पुरवा के करीब पहुंचे। तभी सामने से आ रहे डीसीएम ट्रक व कार में भिड़ंत हो गई। घटनास्थल पर ही सुरेश की मौत हो गई।
जबकि कार में सवार अक्षय ,अदिति व आभा शुक्ला घायल हो गईं। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। सूचना मिलने पर नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी कालाकांकर ले गई। खबर मिलने पर परिवार के सदस्य रोते-बिलखते कालाकांकर सीएचसी पहुंचे।