नगर कोतवाली के सई नदी रेलवे पुल से गिरने से वृद्घ की मौत के बाद पहुंची पुलिस।
- फोटो : PRATAPGARH
सई नदी के रेलवे पुल पर नीलांचल एक्सप्रेस की टक्कर से गिरे बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चार घंटे बाद शव की शिनाख्त हो सकी।
नगर कोतवाली के अचलपुर निवासी मोहम्मद ताहिर (62) शहर में भिक्षाटन कर गुजर-बसर करता था। शनिवार को वह चिलबिला की ओर जा रहा था। सई नदी रेलवे पुल पर कोहरे के चलते चिलबिला की ओर से प्रतापगढ़ जंक्शन आ रही नीलांचल एक्सप्रेस उसे दिखाई नहीं पड़ी। ट्रेन की टक्कर से वह पुल से नीचे गिर पड़ा।
इस दौरान उसके कपड़े पुल के एंगल में फंस गए। कुछ देर बाद कपड़े फट गए। जिसके बाद वह पुल से नीचे जमीन पर गिर गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। खबर मिलने के बाद पुलिस पहुंची और छानबीन करने लगी। चार घंटे बाद उसके शव की शिनाख्त हो सकी। खबर मिलने के बाद परिवार के सदस्य भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे।