लौटते मानसून की बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। 50 घंटे तक रुक-रुककर हुई बारिश की वजह से कहीं लोगों के कच्चे मकान जमींदोज हो गए तो कहीं किसानों की धान की फसल खेत में लेट गई। शहरी इलाकों में लोगों के घरों में पांच फीट तक पानी भर गया। नदी-नाले सभी उफान पर हैं। गायघाट में पानी भरने से करीब 12 परिवारों के लोग बेघर हो गए हैं। कई सरकारी दफ्तर, स्कूल-कॉलेज एवं विस्तारित क्षेत्र में रास्ते व घर जलमग्न हैं।
वहीं, ग्रामीण अंचल में आफत की बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी। उनकी धान की फसल के साथ अन्य खेती बर्बाद होने की कगार पर आ गई। बारिश में पेड़ गिर गए। मौसम विभाग ने जिले में रविवार के लिए भारी बारिश व बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से सुरक्षित रहने की अपील की है।
शहर के कई मोहल्लों व सरकारी दफ्तरों में जलभराव
आलम यह है कि शहर के देवकली, विवेक नगर, पल्टन बाजार, सिप्टैंड रोड, बेगमवार्ड, दहिलामऊ अन्य मोहल्लों में जलभराव की स्थिति है। देवकली में जोगापुर संपर्क पर लोगों ने बांस-बल्ली लगाकर रास्ते को बंद कर दिया है। वहीं, एसपी कार्यालय, पीडब्ल्यूडी कार्यालय समेत अन्य कई सरकारी दफ्तरों में पानी भर गया। मोटर पंप से पानी निकाला जा रहा है। रामलीला मैदान के पास बने रेलवे अंडर पास में भी 10 फीट तक पानी भर गया है।
बारिश से गिरे कच्चे मकान, दबा सामान
भंगवा गांव निवासी संतलाल, गीता बाला व जवाहर का कच्चा मकान जमींदोज हो गया। दिलीपपुर थाना क्षेत्र के करनपुर खूझी गांव निवासी बदरुद्दीन खां का कच्चा घर गिर गया। कंधई थाना क्षेत्र के जोतिया बहरुपुर की दलित बस्ती ननका, छोट्टन, राकेश कुमार, पन्नालाल, राम प्यारे समेत 10 घरों में पानी घुस गया है। मानधाता के सरायभीमसेन में सियाराम का कच्चा घर गिर गया। पट्टी तहसील के हरई पट्टी गांव में रास्ता जलमग्न है। थाना पट्टी के सूड़ेमऊ में शंभूनाथ सरोज के टिन शेड पर पड़ोसी के कच्चे मकान की दीवार गिरने से गृहस्थी का सामान बर्बाद हो गया। वहीं, भंगवा गांव में स्थित मंदिर में देर रात बिजली गिरी। पुलिस लाइन में महुआ के पेड़ व विद्युत तार पर बिजली गिरी। जिससे 11 हजार एचटी लाइन टूट गई। बाघराय में पेट्रोल पंप पर बिजली गिरी। जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया।