क्षेत्र के धधुआ गाजन स्थित आइन्सटीन पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को प्रतापगढ़ प्रतिभा खोज परीक्षा व ग्रामीण प्रतिभा खोज परीक्षा-2018 के मेधावियों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी व शिक्षक एमएलसी उमेश द्विवेदी ने सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यापर्ण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि प्रतिभा सभी में मौजूद रहती है, उसकी खोज कर निखारना शिक्षकों की जिम्मेदारी होती है। उन्होने कहा कि छात्रों को पाठ्यक्रम को प्राथमिकता देनी चाहिए। जब पढ़ाई से थकान लगने लगे तो किताब, ज्ञानवर्धक टीवी चैनल, कंप्यूटर इंटरनेट का प्रयोग करते हुए जानकारियां बढ़ाने का प्रयत्न करना चाहिए। श्री तिवारी ने कहा कि शिक्षा के बल पर ही भारत आज विश्व पटल पर अपनी मेधा का परचम लहरा रहा है।
विशिष्ट अतिथि शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी व जवाहर नवोदय विद्यालय की प्राचार्या निरुपमा सिंह ने शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कहा कि युवाओं को बेहतर शिक्षा प्रदान कर प्रतिभाओं को निखारने की जिम्मेदारी शिक्षकों के कंधे पर है। कार्यक्रम के दौरान प्रतापगढ़ प्रतिभा खोज परीक्षा के टापर सुधांशू पांडेय छात्र जवाहर नवोदय विद्यालय समेत सीएमएस लखनऊ के छात्र कुमार सौरभ जायसवाल, संयुक्त रूप तृतीय स्थान पाने वाले आइन्सटीन पब्लिक स्कूल के छात्र प्रतूल सिंह, अतुल जायसवाल व विशाखा सिंह समेत तीस मेधावियों को नकदी व प्रशस्ति पत्र देकर अतिथियों ने सम्मानित किया। वहीं ग्रामीण प्रतिभा खोजी परीक्षा-2018 में आइंस्टीन स्कूल का परचम लहराने वाले मनीष विश्वकर्मा, धीरज यादव व विराट शुक्ल समेत प्रथम दस मेधावियों को नकदी व प्रशस्ति पत्र देकर भी सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर मेधावियों के चेहरे पर खुशिया छलक उठीं। प्रधानाचार्य कुलदीप सिंह हेरन ने विद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत की। अध्यक्षता प्रबंधक भागवत प्रसाद शुक्ल ने किया। स्कूल की निदेशिका श्रुति शुक्ल ने अतिथियों का स्वागत व संरक्षक विभव शुक्ल व सौरभ मिश्र ने आभार प्रदर्शन किया। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख सुरेंद्र सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, जया चौधरी, अवधेश सिंह, कुंवर ज्ञानेंद्र सिंह, महेंद्र पाठक, रमेश पाल तिवारी आदि मौजूद रहे।