नगर कोतवाली के पुरानी आबकारी पड़ाव वार्ड में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट में गुरुवार की सुबह डकैती पड़ गई। मजदूरों को पीटने के बाद लूटपाट करते हुए सामान तोड़ डाले गए। सूचना मिलने पर एक्सईएन जलनिगम और उपजिलाधिकारी सदर मौके पर पहुंचे। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने दो नामजद व 6 अज्ञात के खिलाफ डकैती का मुकदमा दर्ज कर लिया।
इन दिनों सीवर पाइप लाइन को ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़ने का कार्य चल रहा है। कनेक्टिविटी होने के बाद सीवर लाइन का ट्रायल होना है। जल निगम के अवर अभियंता सत्यप्रकाश यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि कार्य प्रारंभ होने के पहले कुछ दबंगों ने कार्य न करने की धमकी दी थी। बाद में स्थानीय ठेकेदार ने काम करने से मना कर दिया था। जिसके बाद गाजियाबाद की फर्म को काम पर लगाया गया था। गुरुवार की सुबह सदर बाजार के रहने वाले आसिफ व आरिफ पुत्र मोहम्मद अख्तर अपने 6 साथियों के साथ असलहों और डंडों से लैस होकर पहुंचे। इन लोगों ने मजदूर सलमान पुत्र नियाज, आबिद पुत्र मकीसू, शहजाद पुत्र आजाद, महमूद पुत्र मुमताज, आस मोहम्मद पुत्र फारूक और बदरुद्दीन को लाठी-डंडों से पीटा। इसके अलावा फायरिंग भी की।
आसिफ ने धमकी दी कि काम बंद कर दो नहीं तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। बदरुद्दीन के पास से 28 हजार रुपये,सलमान का मोबाइल लूट लिए। भोजन बनाने का सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के समय मौजूद देवेंद्र त्रिपाठी ने पुलिस के साथ विभाग के अधिकारियों को भी अवगत कराया। कुछ देर में जेई,एक्सईएन ओमवीर सिंह पहुंच गए। प्रकरण की जानकारी मिलने पर एसडीएम सदर सत्य प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने मजदूरों को कोतवाली भेजा। इसके बाद सभी का मेडिकल कराया गया। जेई की तहरीर पर पुलिस ने आसिफ, आरिफ व 6 अज्ञात के खिलाफ डकैती का मुकदमा दर्ज कर लिया। बताते हैं कि कोतवाली में तहरीर पड़ने के बाद भी पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने से आनाकानी कर रही थी। बाद में जिलाधिकारी के हस्तक्षेप पर मुकदमा दर्ज हुआ। इस बाबत नगर कोतवाल ने बताया कि जो तहरीर मिली थी। उसी के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों के घर दबिश दी गई, लेकिन वह नहीं मिले।
दूसरे पक्ष ने भी दी पुलिस को तहरीर
नगर कोतवाली के अजीत नगर की रहने वाली दो महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक को दी गई तहरीर में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट में काम करने वालों पर अश्लील हरकत का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि मार्निंगवाक पर जाते समय मजदूरों ने जबरन गुमटी की आड़ में खींच लिया और बदनियती से अश्लील हरकत करने लगे। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे। जिसके बाद वे बच सकीं।
ट्रीटमेंट जुड़ने पर खुल जाएगी निर्माण की हकीकत
सीवर ट्रीटमेंट प्लांट व पाइप लाइन बिछाने वाले जलनिगम के घोटालेबाज ठेकेदार ने अपने हाथ खड़े कर दिए हैं। जिसके चलते गाजियाबाद की संस्था को काम करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। घटना के बाद इस बात की चर्चा होती रही कि ट्रीटमेंट प्रारंभ होने पर निर्माण कार्य की कलई खुल सकती है। पूर्व एक्सईएन के करीबी घोटाले का आरोपी ठेकेदार ही काम करा रहा था। अचानक उसने काम क्यों छोड़ दिया। इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।