प्रतापगढ़। जिले के लोगों के लिए खुशखबरी है। शासन ने जिला अस्पताल को उच्चीकृत कर मेडिकल कालेज के निर्माण के लिए पहली किश्त के तहत पचास करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। पैसे मिलने के बाद रायबरेली की संस्था राजकीय निर्माण निगम ने काम शुरू कराने के लिए कमर कस ली है।
मुख्यालय से करीब पांच किमी दूर स्थित पूरे केशवराय गांव में मेडिकल कालेज बनने के लिए शासन ने मंजूरी दी थी। जिलाधिकारी के साथ ही शासन की ओर से आई टीम ने भूमि भी चिह्नित कर ली थी। शासन ने मेडिकल कालेज निर्माण के लिए बीते माह तीन सौ करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया था। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी रायबरेली की संस्था राजकीय निर्माण निगम को मिली। सीएमओ एके श्रीवास्तव ने बताया कि शासन ने निर्माण कार्य कराने वाली कार्यदायी संस्था को पहली किश्त के पचास करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।