Girl's body found on railway track, family members accused of murder and throwing dead body
फतनपुर थाना क्षेत्र के रामापुर रेलवे क्रासिंग के समीप शनिवार सुबह रेलवे लाइन पर एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे परिजन दुष्कर्म और हत्या करने के बाद शव फेंकने का आरोप लगाने लगे। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद घटना की जांच कर रही है।
फतनपुर थाना क्षेत्र के रामापुर निवासी रागिनी (18) शुक्रवार रात से गायब थी। शनिवार सुबह उसका शव लखनऊ- वाराणसी रेलमार्ग पर दादूपुर-सुवंसा रेलवे स्टेशन के बीच रामापुर रेलवे क्रासिंग के पास ट्रैक पर मिला। इसकी जानकारी होने के बाद मौके पर भीड़ जुट गई। इस बीच वाराणसी से लखनऊ जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस आ गई। चालक ने ट्रेन रोक दी। करीब आधे घंटे तक ट्रेन खड़ी रही। आसपास के लोगों की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
जानकारी होने के बाद परिजन भी आ गए। घरवालों का आरोप था कि दुष्कर्म के बाद हत्या कर युवती का शव रेल लाइन पर फेंक दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जीआरपी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। उधर, अंतू के मिसरौली में शुक्रवार को मिले युवक के शव की दूसरे दिन भी शिनाख्त नहीं हो सकी।