किशुनगढ़ के मठिया पूरे कुर्मियान निवासी युवती विंदेश्वरी (18) का शव संदिग्ध हालात में शनिवार सुबह घर से पांच सौ मीटर दूर खेत में मिला। मृतका के गले पर हल्का चोट का निशान था और नाक से खून भी निकला था।
वहीं, महिला समेत तीन चिकित्सकों के पैनल ने रात में पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट के अनुसार, युवती की दबाकर हत्या की गई है।दुष्कर्म की जांच के लिए स्लाइड भेजी गई, हालांकि ऐसा कोई लक्षण नहीं मिला।
जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के साथ एएसपी संजय राय व सीओ रामसूरत सोनकर मौके पर पहुंचे। राम मिलन वर्मा की बेटी विंदेश्वरी शुक्रवार आधी रात घर से निकली थी। देर शाम मृतका की मां सूरजकली की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया।
फील्ड यूनिट की टीम ने की जांच
उदयपुर। पुलिस जांच में सुराग नहीं मिलने पर अफसरों ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर भेजा। टीम ने काफी देर तक जांच की, लेकिन कोई खास सबूत नहीं मिला। टीम ने मिट्टी आदि का नमूना लिया है। संवाद
हत्या की वजह खंगाल रही पुलिस
उदयपुर। युवती की हत्या को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चा होती रही, लेकिन पुलिस की जांच आशनाई में घटना होने के इर्द-गिर्द घूमती रही। चर्चा है कि युवती का पड़ाेसी गांव के एक लड़के से प्रेम प्रसंग था। लोगों का कहना है कि वह परिजनों की बात कम सुनती थी। पिता को भी धमका चुकी थी। वह किसी की बात बर्दाश्त नहीं कर पाती थी। संवाद
तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। - डॉ. अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक