सगाई से दो दिन पहले बाइक की टक्कर से घायल युवती ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इससे परिजनों का बुरा हाल है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
कोहंड़ौर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत स्थित स्थानीय वार्ड के पास अयोध्या-प्रयागराज राजमार्ग पर बृहस्पतिवार की शाम खरीदारी कर घर लौट रही ज्योति जायसवाल (24) सुलतानपुर की ओर से आ रहे बुलेट बाइकसवार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
मौके पर पिता इंद्र कुमार उसे लेकर सीएचसी कोहंड़ौर पहुंचे। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में हालत में सुधार नहीं होता देख उसे प्रयागराज के एसआरएन रेफर किया गया। प्रयागराज जाते समय रास्ते में ही ज्योति ने दमतोड़ दिया।
पुलिस ने शुक्रवार को अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया। आगामी 28 अक्तूबर को मृतका की सगाई के बाद 20 नवंबर को शादी तय थी। माता-पिता सहित मृतका के भाई आशीष का रो रोकर बुरा हाल है।