सीबीएसई बोर्ड की राज्य स्तरीय वाॅलीबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को न्यू एंजिल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कई जिलों की टीमों के बीच भिड़ंत हुई। अंडर-19 वर्ग में गाजीपुर, जौनपुर व वाराणसी ने अपने-अपने मुकाबले जीते हैं। वहीं, प्रतियोगिता का समापन सोमवार को होगा।
दूसरे दिन का पहला मुकाबला अंडर-19 में आइंस्टीन पब्लिक स्कूल प्रतापगढ़ और एमजेआरपी पब्लिक स्कूल गाजीपुर के बीच खेला गया। जिसमें गाजीपुर की टीम ने 25-13 व 25-22 के अंतर से मैच जीता। दूसरा मुकाबला महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर प्रयागराज और सेंट जेवियर्स स्कूल जौनपुर के बीच हुआ। जिसमें जौनपुर ने 25-22 व 25-15 के अंतर से जीत दर्ज की।
अगला मुकाबला बीएनएस नरिया वाराणसी और सनबीम स्कूल अयोध्या के बीच खेला गया। जिसमें बीएनएस नरिया वाराणसी ने पहला सेट 25-8 से जीता। वहीं, दूसरे सेट में अयोध्या की टीम ने वापसी करते हुए 25-22 के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं, तीसरे सेट में वाराणसी ने बेहद करीबी मुकाबले में अयोध्या 29-27 से मात दी।
अंडर- 14 में रेडिएंट सेंट्रल एकेडमी आंबेडकर नगर और एमजेआरपी पब्लिक स्कूल गाजीपुर के बीच मैच खेला गया। एमजेआरपी पब्लिक स्कूल गाजीपुर 26-24 व 25-17 से मुकाबला अपने नाम किया।
प्रधानाचार्य वीके सोनी ने बताया कि अंडर-19 में वर्ग में सेंट जेवियर्स स्कूल आजमगढ़, जीएस इंटरनेशनल स्कूल जौनपुर, उदय प्रताप पब्लिक स्कूल वाराणसी, जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल वाराणसी, आर्यन इंटरनेशनल स्कूल वाराणसी, हरि बहादुर इंटरनेशनल स्कूल वाराणसी, एलडीसी पब्लिक स्कूल प्रयागराज, शिवव्रत सिंह चिल्ड्रेन एकेडमी जौनपुर व सन शाइन पब्लिक स्कूल गाजीपुर, एमजीएम स्कूल कौशाम्बी को वॉकओवर दिया गया।
न्यू एंजिल्स सीनियर सेकेंड्री स्कूल में आयोजित प्रदेश स्तरीय वालीबाल प्रतियोगिता में प्रतिभाग क- फोटो : संवाद