खेत में काम करने गए किसान की बाड़े के तार में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। जानकारी पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लालगंज कोतवाली के गौखाड़ी धारूपुर निवासी 35 वर्षीय सोनू सरोज शनिवार की सुबह अपने खेत में काम करने गया था। इस बीच पड़ोसी द्वारा मवेशियों को बचाने के लिए खेत में लगाए गए झटका मशीन के तार में उतरे करंट की चपेट में आकर किसान झुलस गया।
परिजन उसको लेकर आनन-फानन में ट्राॅमा सेंटर गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार के लोग शव लेकर घर लौट गए। घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।